अपना WhatsApp लिंक कैसे बनाएँ
- देश का कोड देखें — भारत के लिए 91 पहले से भरा है। विदेश के नंबर के लिए उस देश का कोड लिखें, जैसे UAE के लिए 971, सऊदी अरब के लिए 966, नेपाल के लिए 977 या अमेरिका के लिए 1। अगर नंबर + या 00 से शुरू करते हैं, तो यह ख़ाना अपने-आप अनदेखा हो जाता है।
- मोबाइल नंबर लिखें — जैसे आप आम तौर पर लिखते हैं: 98765 43210, 098765-43210 या +91 98765 43210, सब चलेगा। स्पेस, डैश और ब्रैकेट अपने-आप हट जाते हैं।
- चाहें तो मैसेज जोड़ें, जैसे “नमस्ते, मुझे रेट जानना है।” लिंक खुलते ही यह चैट बॉक्स में लिखा मिलता है; सामने वाले को बस भेजने का बटन दबाना होता है, और वह चाहे तो पहले इसे बदल भी सकता है। हिन्दी, अंग्रेज़ी, Hinglish और इमोजी — सब चलते हैं।
- नंबर जाँचें — “इंटरनेशनल फ़ॉर्मैट में नंबर” वाली लाइन में +91 के बाद आपका 10 अंकों का नंबर होना चाहिए। फिर लिंक कॉपी करें, या “WhatsApp में खोलकर जाँचें” पर टैप करके ख़ुद आज़माएँ।
क्लिक-टू-चैट लिंक कैसे काम करता है
WhatsApp की “क्लिक टू चैट” सुविधा किसी भी ऐसे नंबर से चैट खोल देती है जिस पर WhatsApp चलता हो, और वह भी नंबर को कॉन्टैक्ट में सेव किए बिना। यह फ़ोन के ऐप और WhatsApp Web, दोनों में काम करती है। लिंक का ढाँचा सीधा है: https://wa.me/ और उसके बाद इंटरनेशनल फ़ॉर्मैट में पूरा नंबर — देश का कोड और नंबर, सिर्फ़ अंक। WhatsApp के हेल्प सेंटर के मुताबिक़ इसमें + का निशान, शुरुआती शून्य, ब्रैकेट और डैश नहीं होने चाहिए।
भारतीय मोबाइल नंबर के लिए इसका मतलब है: 91 और फिर 10 अंकों का नंबर। जो 0 हम दूसरे शहर या सर्कल में कॉल करते समय आगे लगाते हैं, वह सिर्फ़ देश के अंदर डायल होता है — लिंक में वह नहीं जाता, वरना WhatsApp ऐसा नंबर ढूँढता है जो है ही नहीं। जेनरेटर यह 0 अपने-आप हटाता है और “WhatsApp के लिए बदलाव” वाली लाइन में बताता है कि क्या बदला। ज़्यादातर देशों में शुरू का 0 ऐसा ही प्रीफ़िक्स है, पर इटली जैसे कुछ देशों में वह नंबर का हिस्सा होता है और रहना चाहिए। टूल 200 से ज़्यादा देशों के नियम जानता है — ये Google की ओपन-सोर्स लाइब्रेरी libphonenumber से लिए गए हैं।
मैसेज लिंक में ?text= के बाद जाता है और उसे URL-एनकोड करना पड़ता है: स्पेस %20 बन जाता है, नई लाइन %0A, और हर देवनागरी अक्षर अपने UTF-8 बाइट्स में बदलता है — अकेला “न” भी %E0%A4%A8 बनता है। इसीलिए हिन्दी मैसेज वाला लिंक लंबा और अजीब दिखता है, पर WhatsApp में मैसेज सही हिन्दी में ही खुलता है। हाथ से लिंक बनाते समय & या # जैसा निशान बिना एनकोड किए रह जाए, तो मैसेज बीच में कट जाता है; जेनरेटर हर अक्षर को सही ढंग से एनकोड करता है।
भारत और खाड़ी देशों के नंबर: आप क्या लिखें, लिंक क्या बनेगा
| नंबर | कोड | आप लिखते हैं | लिंक | क्या हुआ |
|---|---|---|---|---|
| मोबाइल, शुरू में 0 | +91 | 098765 43210 | wa.me/919876543210 | शुरू का 0 हटा, 91 जुड़ा |
| मोबाइल, +91 के साथ | +91 | +91 98765 43210 | wa.me/919876543210 | नंबर पहले से इंटरनेशनल है |
| दिल्ली का लैंडलाइन (WhatsApp Business) | +91 | 011-2345 6789 | wa.me/911123456789 | STD कोड का 0 हटा, 11 बचा |
| UAE का मोबाइल | +971 | 050 123 4567 | wa.me/971501234567 | वहाँ भी शुरू का 0 हटता है |
| सऊदी अरब का मोबाइल | +966 | 050 123 4567 | wa.me/966501234567 | यही नियम |
| नेपाल का मोबाइल | +977 | 984-1234567 | wa.me/9779841234567 | कोई 0 नहीं, नंबर जैसा है वैसा |
दुबई, रियाद या काठमांडू में रहने वाले रिश्तेदार या ग्राहक का लिंक बनाना हो, तो बस कोड बदलें और नंबर वैसे ही लिखें जैसे वहाँ लिखा जाता है। अगर नंबर की लंबाई उस देश के हिसाब से ठीक न हो, या लगे कि देश का कोड दो बार लिखा गया है (कोड वाले ख़ाने में 91 और नंबर में भी 91), तो “कृपया जाँचें” वाली लाइन चेतावनी देती है।
उदाहरण: बेकरी का ऑर्डर लिंक
मान लीजिए जयपुर की एक होम बेकरी चाहती है कि ग्राहक सीधे WhatsApp पर केक का ऑर्डर दें। उसका नंबर 98765 43210 है। वह कोड 91 रहने देती है, नंबर लिखती है और मैसेज में “केक ऑर्डर करना है” लिखती है। जेनरेटर यह लिंक देता है:
https://wa.me/919876543210?text=%E0%A4%95%E0%A5%87%E0%A4%95%20%E0%A4%91%E0%A4%B0%E0%A5%8D%E0%A4%A1%E0%A4%B0%20%E0%A4%95%E0%A4%B0%E0%A4%A8%E0%A4%BE%20%E0%A4%B9%E0%A5%88
इंटरनेशनल नंबर +91 9876543210 है, यानी लिंक में 12 अंक हैं — 91 और 10 अंकों का मोबाइल नंबर। मैसेज के हर हिन्दी अक्षर के तीन बाइट बने हैं और हर स्पेस %20। ग्राहक लिंक पर टैप करता है, बेकरी से चैट खुल जाती है और “केक ऑर्डर करना है” पहले से लिखा मिलता है।
लिंक कहाँ लगाएँ
- Instagram, Facebook और YouTube: लिंक को प्रोफ़ाइल के वेबसाइट या लिंक वाले हिस्से में, या YouTube वीडियो के डिस्क्रिप्शन में पेस्ट करें, जहाँ उस पर टैप किया जा सके। बायो के टेक्स्ट में लिखा नंबर आम तौर पर WhatsApp चैट नहीं खोलता।
- वेबसाइट या ऑनलाइन दुकान: “वेबसाइट के लिए HTML कोड” वाली लाइन कॉपी करके किसी भी पेज बिल्डर में लगाएँ जो HTML लेता हो, जैसे WordPress का Custom HTML ब्लॉक। “WhatsApp पर हमसे बात करें” शब्द अपने हिसाब से बदल लें।
- विज़िटिंग कार्ड, पर्चे, मेन्यू और दुकान का काउंटर: “इस लिंक का QR कोड बनाएँ” पर टैप करें। QR कोड जेनरेटर (अंग्रेज़ी में) आपका लिंक भरकर खुलता है; ग्राहक फ़ोन के कैमरे से स्कैन करते हैं और सीधे चैट में पहुँचते हैं।
- ईमेल सिग्नेचर, विज्ञापन और ऑनलाइन लिस्टिंग: जहाँ भी लिंक लग सकता है, वहाँ यह लोगों को नंबर कॉपी करने की झंझट से बचाता है।
- “शेयर करें” बटन: नंबर ख़ाली छोड़ें और सिर्फ़ मैसेज लिखें। तब लिंक WhatsApp में मैसेज तैयार रखकर चैट और कॉन्टैक्ट की सूची खोलता है, ताकि भेजने वाला ख़ुद चुने कि किसे भेजना है।
wa.me या api.whatsapp.com?
दोनों एक ही चैट खोलते हैं। wa.me WhatsApp का छोटा लिंक है और हेल्प सेंटर में यही फ़ॉर्मैट बताया गया है; https://api.whatsapp.com/send?phone=…&text=… उसी लिंक का लंबा रूप है, जिसे कुछ वेबसाइट प्लगइन और पुराने गाइड इस्तेमाल करते हैं। जेनरेटर दोनों दिखाता है; जब तक कोई टूल ख़ास तौर पर दूसरा न माँगे, wa.me वाला लिंक ही लें।
आम ग़लतियाँ
- + या 00 को लिंक में रहने देना, जैसे
wa.me/+919876543210। - शुरू का 0 रख देना, जैसे
wa.me/9109876543210: तब WhatsApp ऐसा नंबर ढूँढता है जो है ही नहीं। - देश का कोड दो बार लिखना — कोड वाले ख़ाने में 91 और नंबर की शुरुआत में भी 91।
- ऐसा नंबर जिस पर WhatsApp नहीं है। लिंक तभी चलता है जब उस नंबर पर WhatsApp या WhatsApp Business का चालू अकाउंट हो।
- नंबर बदलने के बाद पुराने लिंक और QR कोड छोड़ देना: लिंक नंबर पर टिका है, इसलिए नया लिंक बनाएँ।
प्राइवेसी
लिंक आपके ब्राउज़र में ही बनता है। आपका नंबर और मैसेज न इस साइट को भेजा जाता है, न WhatsApp को, और कुछ सेव नहीं होता; पेज रीलोड करने पर मैसेज मिट जाता है। ध्यान रखें कि सार्वजनिक क्लिक-टू-चैट लिंक में आपका नंबर होता है और उसे खोलने वाला हर व्यक्ति वह नंबर देख सकता है, इसलिए कारोबार के लिए अलग नंबर रखना समझदारी हो सकती है।
WhatsApp उसके मालिक का ट्रेडमार्क है। यह मुफ़्त जेनरेटर स्वतंत्र है और WhatsApp या Meta से जुड़ा, उनके द्वारा समर्थित या प्रायोजित नहीं है।
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
क्या WhatsApp लिंक मुफ़्त है, और क्या यह एक्सपायर होता है?
हाँ, यह पूरी तरह मुफ़्त है और कभी एक्सपायर नहीं होता। wa.me लिंक आपके नंबर से बना एक वेब पता भर है, इसलिए जब तक उस नंबर पर WhatsApp अकाउंट है, लिंक चलता रहेगा। इसे कहीं रजिस्टर करने की ज़रूरत नहीं।
क्या wa.me लिंक के लिए WhatsApp Business ज़रूरी है?
नहीं। क्लिक-टू-चैट आम WhatsApp और WhatsApp Business, दोनों के साथ चलता है। दुकानदार और कारोबारी अक्सर Business ऐप चुनते हैं, क्योंकि उसमें बिज़नेस प्रोफ़ाइल, ग्रीटिंग मैसेज और क्विक रिप्लाई जैसी सुविधाएँ मिलती हैं।
लिंक खोलने पर “Phone number shared via url is invalid” क्यों आता है?
लिंक वाला नंबर किसी WhatsApp अकाउंट से मेल नहीं खाता। अक्सर शुरू का 0 रह गया होता है, देश का कोड छूट गया या दो बार लिखा गया होता है, या कोई अंक ग़लत होता है। “इंटरनेशनल फ़ॉर्मैट में नंबर” वाली लाइन जाँचें। अगर उस नंबर पर WhatsApp है ही नहीं, तब भी यही संदेश आता है।
क्या बिना नंबर दिखाए WhatsApp लिंक बन सकता है?
नहीं। wa.me लिंक में नंबर ख़ुद लिखा होता है, इसलिए लिंक देखने या खोलने वाला नंबर जान सकता है। हाँ, नंबर ख़ाली छोड़कर सिर्फ़ मैसेज वाला लिंक बन सकता है — वह किसी एक व्यक्ति से नहीं, बल्कि शेयर करने के लिए चैट की सूची खोलता है।
व्हाट्सएप ग्रुप का लिंक कैसे बनाएं?
फ़ोन नंबर से ग्रुप लिंक नहीं बनता। ग्रुप का इनवाइट लिंक WhatsApp के अंदर ग्रुप एडमिन बनाता है — ग्रुप की जानकारी (Group info) में लिंक से इनवाइट करने वाला विकल्प होता है। यह जेनरेटर किसी एक फ़ोन नंबर से चैट खोलने वाले लिंक बनाता है।
Instagram बायो में WhatsApp लिंक कैसे लगाएँ?
यहाँ लिंक बनाकर कॉपी करें, फिर Instagram पर प्रोफ़ाइल एडिट करें और लिंक वाले हिस्से में पेस्ट करें। बायो में “ऑर्डर के लिए WhatsApp करें” जैसी छोटी लाइन लिख दें, ताकि लोग समझें कि लिंक क्या करता है।
आख़िरी अपडेट: 15 अक्टूबर 2026